नई दिल्ली. मशहूर यूट्यूबर सौरव जोशी ने अपने हालिया व्लॉग पर मचे बवाल के बाद ट्रोलर्स को जवाब दिया है. दरअसल, ‘ट्रुथ एंड डेयर’ गेम के दौरान सौरव ने अपनी पत्नी अवंतिका भट्ट को पेट डॉग ओरियो के कटोरे से पानी पीने का टास्क दिया था. यह सीन सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा भड़क गया. हाइजीन का हवाला देते हुए सौरव की जमकर क्लास लगाई और जमकर भला-बुरा कहा. अब विवाद बढ़ता देख यूट्यूबर सौरव जोशी ने अपनी सफाई दी है और बताया कि कटोरा पूरी तरह साफ था.
अब नए व्लॉग में सफाई देते हुए सौरव जौशी ने कहा, ‘जो ट्रुथ एंड डेयर हमने किया था, उसमें अवंतिका ने ओरियो के बर्तन से पानी पिया था. लोग बोल रहे हैं कि तुम ऐसा कैसे कर सकते हो?’ सौरव का दावा है कि उन्होंने साफ-सफाई से कोई समझौता नहीं किया था. उन्होंने आगे कहा, ‘जो पानी हम पीते हैं और ओरियो को भी देते हैं, वो कोई नॉर्मल पानी नहीं है गाइस.’
अल्काइन वाटर पीता है सौरव जोशी का परिवार
यूट्यूबर ने राज खोलते हुए बताया कि उनका परिवार नॉर्मल नहीं बल्कि अल्काइन वाटर पीता है, जिसका जिक्र वो आम तौर पर अपने व्लॉग्स में नहीं करते हैं. उन्होंने अपनी बात रखते हुए आगे कहा, ‘मैं ऐसे बताता नहीं हूं, पर ये पानी भी अच्छा है और हमने बर्तन भी धोया था.’
डॉग के बर्तन से पत्नी को पानी पिलाने पर दी सफाई
यूट्यूबर ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि ओरियो सिर्फ उनका पेट डॉग नहीं, बल्कि परिवार का एक हिस्सा है. उन्होंने यहां तक दावा किया कि कभी-कभार उन्होंने खुद भी कुत्ते के बर्तन से खाया है. डेयर वाले टास्क का बचाव करते हुए उन्होंने कहा, ‘डेयर तो कुछ भी हो सकता है, आगे और भी एक्सट्रीम चीजें होंगी.’ हाइजीन को लेकर उठ रहे सवालों पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि उनके घर में साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाता है. हालांकि, व्लॉग के इस हिस्से के इंटरनेट पर वायरल होने और जबरदस्त आलोचना झेलने के बाद ही सौरव की तरफ से यह सफाई सामने आई है.
सौरव जोशी पर फूटा यूजर्स का गुस्सा
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा और कई लोगों ने इस डेयर पर कड़ी आपत्ति जताई. यूजर्स ने सौरव पर आरोप लगाया कि उन्होंने इस टास्क के जरिए अपनी पत्नी अवंतिका की बेइज्जती की है. एक यूजर ने भड़कते हुए लिखा, ‘अपनी पत्नी को कुत्ते के बर्तन से पानी पिलाना? ये बेशर्मी तो है ही, लेकिन उससे भी ज्यादा बुरी बात सेल्फ-रस्पेक्ट की कमी है.’
