Wednesday, November 25, 2026
Homeउत्तराखंडकेदारनाथ रोपवे से सरकार को हर साल मिलेंगे 800 करोड़

केदारनाथ रोपवे से सरकार को हर साल मिलेंगे 800 करोड़

केदारनाथ की कठिन पैदल यात्रा आने वाले समय में इतिहास बन सकती है। सोनप्रयाग से बाबा केदारनाथ धाम तक प्रस्तावित 12.9 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने अब ऐसा मॉडल अपनाने की तैयारी की है, जिसमें निर्माण का पूरा खर्च सरकारी खजाने से नहीं उठाना पड़ेगा।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मुताबिक, करीब 5 हजार करोड़ रुपए की लागत वाले इस प्रोजेक्ट को बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (BOT) मॉडल पर विकसित करने का प्रस्ताव है। इसमें निजी निवेशक प्रोजेक्ट में 5 हजार करोड़ रुपए लगाएगा और सरकार को हर साल 800 करोड़ रुपए रॉयल्टी देगा। दूसरी तरफ, रोपवे शुरू होने के बाद केदारनाथ पहुंचने में लगने वाला समय करीब 8 से 9 घंटे से घटकर लगभग 36 मिनट रह जाएगा।

BOT मॉडल क्या है, जिससे सरकार को भी कमाई होगी?

BOT यानी बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर। इस मॉडल में निजी कंपनी प्रोजेक्ट के निर्माण में निवेश करती है। इसके बाद तय अवधि तक उसका संचालन और रखरखाव करती है। कंपनी को संचालन से होने वाली कमाई मिलती है और अनुबंध के अनुसार सरकार को रॉयल्टी भी दी जाती है। तय अवधि पूरी होने के बाद प्रोजेक्ट सरकार को हस्तांतरित किया जाता है।

बुजुर्ग श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत

केदारनाथ मंदिर उत्तराखंड के गढ़वाल हिमालय में स्थित है। यहां पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को गौरीकुंड से कठिन पहाड़ी रास्ते पर पैदल चढ़ाई करनी पड़ती है। खड़ी चढ़ाई, खराब मौसम और मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यह यात्रा काफी चुनौतीपूर्ण होती है। रोपवे बनने के बाद यात्रा का समय घटकर सिर्फ 27 मिनट रह जाने की उम्मीद है। इससे बुजुर्गों और उन श्रद्धालुओं को खास राहत मिलेगी, जिन्हें लंबी पैदल चढ़ाई करने में परेशानी होती है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी इस प्रोजेक्ट के पूरा होने की कोई निश्चित समय सीमा नहीं बताई गई है।

चारधाम हाईवे प्रोजेक्ट का 80% काम पूरा

गडकरी ने चारधाम महामार्ग परियोजना की प्रगति की जानकारी भी दी। करीब 12,000 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ने का काम किया जा रहा है। मंत्री के अनुसार, इसका करीब 75 से 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है।

हिमालय में सुरंग बनाना बड़ी चुनौती

गडकरी ने बताया कि सरकार करीब 3 लाख करोड़ रुपये के टनल प्रोजेक्ट पर काम कर रही है, जिनमें कई परियोजनाएं हिमालयी क्षेत्र में हैं। यहां कमजोर चट्टानें, पानी का रिसाव, भूस्खलन और खराब मौसम निर्माण कार्य को मुश्किल बनाते हैं। उन्होंने जोजिला टनल का उदाहरण देते हुए बताया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद इसका करीब 70 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है। सरकार का लक्ष्य बेहतर सड़क और सुरंग नेटवर्क के जरिए श्रद्धालुओं की यात्रा आसान बनाने के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत करना भी है।

RELATED ARTICLES