Sunday, November 23, 2025
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड में खेल ढांचे का नया नामकरण: एकीकृत खेल परिसरों की शुरुआत

उत्तराखंड में खेल ढांचे का नया नामकरण: एकीकृत खेल परिसरों की शुरुआत

उत्तराखंड खेल विभाग ने मंगलवार को चार शहरों में खेल ढांचे को एकीकृत कर नया नामकरण किया है। देहरादून के रायपुर में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और अन्य खेल सुविधाओं को अब ‘रजत जयंती खेल परिसर’ के नाम से जाना जाएगा। इसी तरह, हल्द्वानी के गौलापार में इंदिरा गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, हॉकी ग्राउंड, तरण ताल और मल्टीपरपज हॉल सहित सभी खेल ढांचे को ‘मानसखंड खेल परिसर’ नाम दिया गया है।

खेल मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि रुद्रपुर में मनोज सरकार स्टेडियम, साइकिलिंग वेलोड्रोम और अन्य सुविधाओं को मिलाकर ‘शिवालिक खेल परिसर’ नामकरण किया गया है। वहीं, हरिद्वार के रोशनाबाद में वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम, मल्टीपरपज हॉल, तरण ताल और अन्य ढांचे को ‘योगस्थली खेल परिसर’ के रूप में एकीकृत किया गया है।

मंत्री ने कहा कि नई स्पोर्ट्स लिगेसी प्लान के तहत खेल परिसरों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोचों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए देश के अन्य राज्यों के खेल ढांचे का अध्ययन कर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) की मदद से बेहतर कोचिंग और सपोर्टिंग स्टाफ का स्ट्रक्चर तैयार किया गया है। सरकार का लक्ष्य इन परिसरों में नई सुविधाएं जोड़कर खेल के स्तर को और ऊंचा उठाना है।

RELATED ARTICLES