Wednesday, December 24, 2025
Homeउत्तराखंडरुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को 300 बेड के हॉस्पिटल और 100 एमबीबीएस सीटों...

रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को 300 बेड के हॉस्पिटल और 100 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी

त्तराखंड सरकार प्रदेश में एक जिला एक मेडिकल कॉलेज के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है. इसी क्रम में राज्य सरकार ने राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर को 300 बेड के हॉस्पिटल और 100 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी दे दी है. इस मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से तराई-भाबर क्षेत्र के साथ-साथ सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों के लाखों लोगों को सुलभ, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा. ये संस्थान न केवल बेहतर उपचार सुविधाओं का केंद्र बनेगा, बल्कि चिकित्सा शिक्षा, जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों, आपदा प्रबंधन और रोजगार सृजन के क्षेत्र में भी कारगर साबित होगी.

राज्य सरकार का मानना है कि राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और रोजगार-तीनों क्षेत्रों में उत्तराखंड को एक मजबूत आधार प्रदान करेगा. प्रदेश के समग्र विकास में निर्णायक भूमिका निभाएगाय रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का 300 बेड चिकित्सालय के शुरू होने से इस क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा. मरीजों को जांच, उपचार और देखभाल की बेहतर व्यवस्थाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी, जिससे इलाज की गुणवत्ता में निरंतर सुधार होगा. इससे आम जनता को भरोसेमंद और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं मिल पायेंगी.

इसके साथ ही राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर में 24×7 आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध होने से दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों और जटिल मामलों में तत्काल उपचार संभव हो पाएगा. मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्थायी उपलब्धता से मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों या अन्य राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे न सिर्फ समय और धन की बचत होगी, बल्कि मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी.

रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के संचालन से उधम सिंह नगर जिले के सिडकुल क्षेत्र में काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा. औद्योगिक इकाइयों में कार्य करने वाले श्रमिकों और कर्मचारियों को अब दुर्घटना, गंभीर बीमारी या फिर आपातकालीन स्थिति में इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.

हर साल 100 एमबीबीएस सीटों की उपलब्धता से उत्तराखंड और देश के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे. यह मेडिकल कॉलेज राज्य को चिकित्सा शिक्षा के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा. इसके साथ ही इससे चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र में पलायन की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी.

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि एक जनपद-एक मेडिकल कॉलेज के लक्ष्य की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं. राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर का संचालन उत्तराखंड के स्वास्थ्य तंत्र को नई दिशा देगा. 300 बेड चिकित्सालय और 100 एमबीबीएस सीटों के साथ यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

RELATED ARTICLES