नई दिल्ली: दुनिया भर में कॉफी प्रेमियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, और इसी के साथ कॉफी चेन का कारोबार भी तेजी से फैल रहा है। हाल ही में जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया की सबसे बड़ी कॉफी चेन की सूची में अमेरिकी दिग्गज स्टारबक्स (Starbucks) सबसे आगे है, जबकि चीनी कंपनियों ने भी टॉप-4 में जगह बनाकर सबको चौंका दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर स्टोरों (locations) की संख्या के मामले में स्टारबक्स 40,992 के साथ पहले स्थान पर है। यह संख्या किसी भी अन्य कॉफी चेन से काफी अधिक है। दूसरे नंबर पर चीन की तेजी से उभरती कॉफी चेन लक्किन कॉफी (Luckin Coffee) है, जिसके 31,048 स्टोर हैं। लक्किन ने कम समय में ही जबरदस्त विस्तार किया है।
तीसरे स्थान पर अमेरिका की ही दिग्गज चेन डंकिन’ (Dunkin’) है, जिसके 14,112 स्टोर हैं। वहीं चौथे नंबर पर एक और चीनी कॉफी चेन कोट्टी कॉफी (Cotti Coffee) मौजूद है, जिसने 14,051 स्टोर के साथ बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। यानी टॉप-4 में दो चीनी कंपनियां शामिल हैं, जो दिखाता है कि चीन में कॉफी कल्चर कितनी तेजी से ग्रो कर रहा है।
अन्य प्रमुख कॉफी चेन:
-
टिम हॉर्टन्स (Tim Hortons) – 6,015 स्टोर (कनाडा)
-
कैफे अमेज़न (Cafe Amazon) – 4,652 स्टोर (थाईलैंड)
-
मेगा एमजीसी कॉफी (Mega MGC Coffee) – 4,125 स्टोर (दक्षिण कोरिया)
-
कोस्टा कॉफी (Costa Coffee) – 4,025 स्टोर (यूके)
-
कम्पोज़ कॉफी (Compose Coffee) – 3,123 स्टोर
-
एदिया कॉफी (Ediya Coffee) – 2,821 स्टोर
-
मिलानो कॉफी (Milano Coffee) – 2,575 स्टोर
-
मैनर कॉफी (Manner Coffee) – 2,075 स्टोर
इसके अलावा द कॉफी बीन एंड टी लीफ (The Coffee Bean & Tea Leaf) के 1,839, पुंथाई कॉफी (Punthai Coffee) के 1,635, द वेंटी (The Venti) के 1,347, पाइक्स कॉफी (Paik’s Coffee) के 1,232 स्टोर हैं। वहीं नीदरलैंड की डच ब्रदर्स कॉफी (Dutch Bros Coffee) के 1,136, इंथानिन कॉफी (Inthanin Coffee) के 1,124, जापान की डोउटर कॉफी शॉप (Doutor Coffee Shop) के 1,073 और कैफे नीरो (Caffe Nero) के 1,046 स्टोर हैं।
इस आंकड़ों से साफ है कि अमेरिका और चीन के बाद अब दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, जापान और कनाडा जैसे देशों की कॉफी चेन भी तेजी से वैश्विक स्तर पर पैर पसार रही हैं। खास बात यह है कि पारंपरिक चाय पीने वाले देशों जैसे चीन और थाईलैंड में भी कॉफी की लोकप्रियता बढ़ रही है, जिससे आने वाले समय में और भी नई चेन टॉप-10 में प्रवेश कर सकती हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि स्टारबक्स का नेतृत्व तो अभी बरकरार रहेगा, लेकिन चीनी कॉफी चेन अपने आक्रामक विस्तार और किफायती दामों के दम पर निकट भविष्य में स्टारबक्स को टक्कर दे सकती हैं। खासतौर पर लक्किन कॉफी ने पिछले कुछ वर्षों में जिस रफ्तार से ग्रोथ की है, वह चौंकाने वाली है।
कॉफी प्रेमियों के लिए यह अच्छी खबर है, क्योंकि इतने सारे विकल्पों के बीच उन्हें अब दुनिया के किसी भी कोने में अपनी पसंदीदा कॉफी आसानी से मिल सकेगी। देखना यह होगा कि आने वाले वर्षों में यह रैंकिंग कैसे बदलती है और क्या कोई नई चेन स्टारबक्स के राजसिंहासन को हिला पाती है।
