देहरादून: उत्तराखण्ड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने आज विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। यह बैठक आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले ‘विश्व योग दिवस’ एवं 23 जून को मनाए जाने वाले ‘अन्तर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस’ के सफल आयोजन को लेकर बुलाई गई थी। बैठक में खेल विभाग, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान मंत्री रेखा आर्या ने निर्देश दिए कि 21 जून को योग दिवस के अवसर पर एक सामूहिक आयोजन किया जाए, जिसमें आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चे, आंगनबाड़ी कार्यकत्री महिलाएं, शिशु सदन के बच्चे तथा विभिन्न खेल अकादमियों के युवा खिलाड़ी भाग लें। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रतिभागियों को योग के कुशल प्रशिक्षकों द्वारा योगाभ्यास करवाया जाएगा ताकि सभी आयु वर्ग के लोग इस आयोजन से लाभान्वित हो सकें।
उन्होंने कहा कि, “योग न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक सशक्तिकरण में भी मदद करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा इसी उत्तराखण्ड से योग दिवस की शुरुआत की गई थी, जो आज वैश्विक स्तर पर अपनाया जा चुका है।“
इसके साथ ही मंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में पहली बार 23 जून को ‘अन्तर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस’ को भव्य रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर मानसखण्ड खेल परिसर, गोलापार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें उन खिलाड़ियों को आमंत्रित किया जाएगा, जिन्होंने राज्य का राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है।
रेखा आर्या ने बताया, “इस आयोजन में प्रदेशवासियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में खेल की विभिन्न विधाओं के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन उत्तराखण्ड ओलंपिक एसोसिएशन तथा खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होगा।“
उन्होंने आगे कहा कि शीघ्र ही एक प्रेस वार्ता के माध्यम से ओलंपिक दिवस के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा सार्वजनिक की जाएगी, जिससे जनमानस को पूरी जानकारी मिल सके और वे आयोजन में सक्रिय रूप से भाग ले सकें।
इस समीक्षा बैठक में विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा, सचिव (महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास) चन्द्रेश यादव, निदेशक (खेल) प्रशान्त आर्य, तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
उत्तराखण्ड सरकार द्वारा इन आयोजनों के जरिए जनजागरूकता, स्वास्थ्य के प्रति रुचि तथा खेलों के प्रति उत्साह को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
